Weather Update: नौतपा में टूटा गर्मी का गुरूर, आंधी और बारिश से लुढ़का पारा, 15 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

barish_SYox9de9f.jpg
दिल्ली-एनसीआर में बारिश...

Weather Update: देश के कई राज्यों में गुरुवार शाम को प्री-मानसून बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं-आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

नौतपा के बीच इस समय देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी थी लेकिन कल शाम हुई अचानक बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। राजधानी दिल्ली में बीते कई दिनों से तापमान 45 डिग्री था लेकिन बारिश के कारण पारा 3 से 5 डिग्री लुढ़क गया। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद विजिबिलिटी कम हो गई। विजिबिलिटी कम होने के कारण लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में अगले 15 दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में केरल, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश के संकेत हैं। 

तेज हवा बनी मुसीबत

अगर बात उत्तर प्रदेश की जाए तो अचानक मौसम में आया बदलाव एक ओर जहां राहत बनकर आया तो दूसरी ओर 100 किमी प्रति घंटा रफ्तार की हवाएं मुसीबत साथ लेकर आईं। तेज हवा के कारण हमीरपुर शहर में अंडर कंस्ट्रक्शन पुल गिर गया जिससे 6 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा शुक्रवार सुबह से लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी है।

बिहार में नौतपा के बीच बदले मौसम ने काफी राहत दिलाई लेकिन दिन में बादलों ने आसमान को ढ़क लिया। पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद समेत करीब 20 जिलों में अचानक सुबह-सुबह अंधेरा छा गया और सड़कों पर वाहन रेंगकर चलकर रहे थे। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जबकि मुरैना जिले में तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया।

Read Also: NEET पेपर लीक मामला: रक्षा मंत्री के साथ शीर्ष मंत्रियों की हाई लेवल बैठक जारी, PMO के अधिकारी भी मौजूद

तेज बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, समेत देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना हैं और आगामी दिनों तक मौसम ऐसे ही रहने वाला हैं ऐसे में लोगों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।

क्या होता है नौतपा ?  

ज्योतिष और भौगोलिक दृष्टि से नौतपा की गर्मी के बाद अच्छी वर्षा होने की संभावना रहती है। ज्योतिषियों के अनुसार 25 मई को सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जिससे तापमान में अधिक वृद्धि होगी। 9 दिन तक चलने वाले नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें धरती पर तीव्र रूप से पड़ती हैं, जिससे धूप और अधिक तीखी हो जाती है। जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो उस दिन से लेकर अगले 9 दिन तक की अवधि को नौतपा कहा जाता है। यदि इस समय में ठंडी हवा नहीं चले और वर्षा भी नहीं हो तो आने वाले समय में अच्छी वर्षा का संकेत माना जाता है।

Read Also: मेटा ने कर दिया बड़ा धमाका, अब Facebook, Instagram और Whatsapp चलाने के लिए देने होंगे पैसे, पढ़िए पूरा रिचार्ज प्लान