Uniform Civil Code In MP: असम, गुजरात और उत्तराखंड के बाद अब मध्य प्रदेश में भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जल्द लागू होने वाला है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यूसीसी को लेकर कहा कि इसके लिए समिति बना दी गई है। यह समिति धार्मिक लोगों से राय ले रही है। जिसके बाद प्रदेश में यूसीसी लागू किया जाएगा। सीएम ने कहा कि वर्तमान समय में समाज तेजी से बदल रहा है और ऐसे में पारिवारिक, समाजिक और कानूनी मामलों में अलग-अलग नियमों की आवश्यकता कम होती जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज जरुरत यूसीसी की ओर बढ़ने की है। महिलाओं से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बार अलग-अलग व्यक्तिगत कानून के कारण महिलाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समान नागरिक संहिता समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि यूसीसी के लिए गठित समिति का नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट की एक सेवानिवृत न्यायाधीश कर रही है। इसके अलावा समिति में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। यह टीम प्रदेशभर में लोगों से संवाद करेंगी। जिससे सभी पक्षों की राय को समझ सके और रिपोर्ट तैयार हो सके।
वेबसाइट की हुई शुरुआत
सीएम मोहन यादव ने कहा कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक विशेष वेबसाइट की भी शुरुआत की है। जहां आम नागरिक अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण विषय पर अपनी राय अवश्य दें, ताकि कानून निर्माण की प्रक्रिया अधिक व्यापक और सहभागी बन सके। सरकार का कहना है कि सभी सुझावों और समिति की रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद यूसीसी को लागू करने की दिशा में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Read Also: Weather Update: झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, कल से तीन दिन जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने दी जानकारी
