Delhi NCR Weather: सावन महीने में दिल्ली-एनसीआर में बादल झमाझम बरसे रहे हैं। शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 15 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस भारी बारिश का कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र है। ऐसे में अब यह कम दबाव वाला क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और राजस्थान में आगामी दिनों में जमकर बारिश होगी।
कम दबाव वाला यह सिस्टम जब पूरी तरह से पश्चिम की तरफ बढ़ेगा, बारिश का फोकस दिल्ली से राजस्थान की तरफ शिफ्ट हो जाएगा। कम दबाव वाले इस सिस्टम की वजह से ही इतनी बारिश देखने को मिल रही है। उत्तर भारत में मानसून की पूरी व्यवस्था भी सक्रिय है।
गौरतलब है कि, एक तकनीकी शब्द होता है मानसून ट्रफ। इसका मतलब एक लंबी काल्पनिक पट्टी से है, जिसके आसपास नमी वाली हवाएं और बादल ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। वर्तमान में यह पट्टी उत्तर-पश्चिम भारत से होकर गुजर रही है जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 36 से 48 घंटे में राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। आज शनिवार को उत्तर प्रदेश में गरज और चमक के साथ तेज बारिश के आसार बने हुए हैं। हरियाणा में भी आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है। शुक्रवार के अलावा आज शनिवार को भी दिल्ली में कई जगहों पर भारी बारिश हुई। दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी झमाझम बारिश हुई।
15 राज्यों में अलर्ट
अगले कुछ घंटों में 15 राज्यों यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम-बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है। इसके अलावा कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
Read Also: Delhi-NCR में बारिश का रेड अलर्ट जारी, पानी-पानी हुई राजधानी, एनसीआर भी तर-बतर
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
Read Also: नीट पेपर लीक मामला: जांच एजेंसी ने 20,000 पन्नों की चार्जशीट की दाखिल, कोर्ट में CBI की दलीलें
