Bihar: पटना में युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस और पत्रकारों पर पथराव, गाड़ियों को किया आग के हवाले

patna_t8T8H7LTq.jpg

Patna Hadsa Uproar: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को बवाल हो गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और पत्रकारों पर पथराव कर दिया। इसके अलावा पुलिस की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। यह बवाल सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद शुरू हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचल दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।

आक्रोशित लोगों ने पहले बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और पत्रकारों को भी निशाना बनाया। भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया और जमकर पथराव किया। घटना की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को भी निशाने पर लिया और पथराव किया। बवाल के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्कूलों की बसें भी जाम में फंसी हुई हैं और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गई। हालात को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृत युवक की पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Read Also: Delhi: सरकार की Gen-Z तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश, Snapchat पर सक्रिय हुआ विदेश मंत्रालय

Read Also: Shamli: कैराना से हिन्दू पलायन का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, मुकीम काला गैंग का था सक्रिय सदस्य, पुलिस ने रखा था एक लाख का ईनाम