भारतीय क्रिकेट टीम के अक्रामक बल्लेबाज ऋषभ पंत ही में देवभूमि उत्तराखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर बने थे। पंत ने बीते वित्त वर्ष के लिए 23 करोड़ 84 लाख रूपए का टैक्स चुकाया था, लेकिन जिस राज्य के लिए सबसे ज्यादा टैक्स चुकाकर सुर्खियां बटोरी थीं, अब उसी राज्य में पंत को अपने घर के लिए जमीन के लिए भटकना पड़ रहा है। घर के लिए परेशान होकर पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है।
क्रिकेटर बीते तीन साल से अपने घर के लिए जमीन खरीदना चाहते हैं लेकिन प्रयास करने के बावजूद उन्हें जमीन नहीं मिल पा रही है। ऐसे में परेशान होकर क्रिकेटर ने सीएम से मदद की गुहार लगाई। पंत ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते मेरे लिए यह एक लंबा समय रहा है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड में घर के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे यहां रहने के लिए कोई सही जगह नहीं मिल सकी है। मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है।”
पंत ने आगे लिखा, “सब कुछ किनारे रखते हुए, मैं अपने क्षेत्र के विकास में मदद करने के लिए अपने पैतृक स्थान वापस लौटना चाहता हूं। मैं अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस बसना चाहता हूं। कृपया इस मामले पर ध्यान दें, तीन साल हो गए हैं मुझे कोई जमीन नहीं मिली है। आपके जवाब का इंतजार रहेगा।”
दिल्ली के लिए खेलते हैं पंत
गौरतलब है कि, ऋषभ पंत उत्तराखंड के मूल निवासी है। लेकिन वह दिल्ली की टीम के लिए खेलते हैं। पंत को पहचान दिल्ली के लिए खेलते हुए मिली है। यहीं से पंत को टीम इंडिया में जगह मिली है। पंत ने आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। टेस्ट क्रिकेट में वह भारतीय टीम का एक अहम हिस्सा है और कई नाजुक मौकों पर टीम को मुश्किल से निकाला है। पंत अब तक देश का प्रतिनिधित्व 50 टेस्ट, 31 वनडे और 76 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कर चुके हैं।
