E20 Janta party: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की चर्चा का बाजार अभी ठंडा भी नहीं हुआ था। कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसी की तर्ज पर एक और नई पार्टी ने एंट्री मार दी। जिसका नाम है- E20 जनता पार्टी। अब आप सोच रहे होंगे। कि क्या यह कोई राजनीतिक पार्टी है? तो हम आपको बता दें। कि यह न तो कोई राजनीतिक दल है, और न ही चुनाव लड़ने वाली पार्टी। दरअसल, यह E20 पेट्रोल के खिलाफ शुरू किया गया एक ऑनलाइन कैंपेन है। जिसे देखते ही देखते सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का समर्थन मिलने लगा, और इसकी चर्चा तेज हो गई। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है। कि आखिर E20 जनता पार्टी क्या है? इसकी मुख्य मांग क्या है? और इस अभियान के पीछे कौन लोग हैं?
क्या है E20 जनता पार्टी?
देश में पिछले कुछ महीनों से दो मुद्दों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। पहला नीट पेपर लीक विवाद, और दूसरा वाहनों में E20 यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर छिड़ी बहस। जहां नीट पेपर लीक का मामला केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कुछ हद तक शांत हुआ है, और इस पर आज लोकसभा के मानसून सत्र में चर्चा होने वाली है। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर E20 जनता पार्टी नाम से एक नया अभियान तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। यह कोई पंजीकृत राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि X (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बनाया गया एक डिजिटल अभियान है। जो खुद को देशभर के वाहन चालकों की आवाज बताता है। इस अभियान से जुड़े लोगों का कहना है। कि सरकार यदि E20 पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है, तो ग्राहकों को 100 प्रतिशत शुद्ध (इथेनॉल-फ्री) पेट्रोल खरीदने का विकल्प भी मिलना चाहिए। इसके अलावा यह भी तर्क है कि विकल्प उपलब्ध होने पर वाहन मालिक यह फैसला खुद कर सकेंगे, कि उन्हें अपने वाहन में E20 पेट्रोल भरवाना है या इथेनॉल-फ्री पेट्रोल।
इसके अलावा पोस्ट में लिखा गया है कि भारत एक मध्यम वर्ग वाला देश है। जहां करोड़ों लोगों के लिए गाड़ी सिर्फ शौक नहीं, बल्कि उनकी रोज़ी-रोटी और रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा भी है। ऐसे में पेट्रोल की बचत और इंजन की अच्छी परफॉर्मेंस सीधे लोगों की जेब पर असर डालती है। पोस्ट में सवाल उठाया गया है कि जब वाहन बनाने वाली कंपनियां अपनी गाड़ियों के लिए एक खास तरह के ईंधन की सलाह देती हैं। तो फिर आम लोगों के वाहनों के इंजन पर नए प्रयोग क्यों किए जा रहे हैं?
E 20 जनता पार्टी की क्या है मांग?
E20 जनता पार्टी की सबसे बड़ी मांग है। कि देश के हर पेट्रोल पंप पर E20 पेट्रोल के साथ 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि वे न तो किसी सब्सिडी की मांग कर रहे हैं, और न ही E20 पेट्रोल को बंद करने की बात कर रहे हैं। उनकी सिर्फ इतनी मांग है। कि ग्राहकों को अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से पेट्रोल चुनने का अधिकार मिलना चाहिए।
किसने बनाई E20 जनता पार्टी?
आपको बता दें कि E20 जनता पार्टी द्वार जारी एक पोस्ट में यह साफ कहा गया है। कि ये एक स्वतंत्र नागरिक अभियान है। जिसका मकसद सिर्फ उन मुद्दों को उठाना है। जो सीधे आम लोगों की जिंदगी से जुड़े हैं। E20 जनता पार्टी का कहना है कि उसका मकसद E20 यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल मिले पेट्रोल की नीति को लेकर लोगों को जागरूक करना, उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और इस मुद्दे पर पारदर्शी व निष्पक्ष चर्चा को बढ़ावा देना है।

