Politics: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन में बदलाव शुरू कर दिया है। केन्द्र शासित प्रदेश दिल्ली समेत चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया गया। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब और पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा की प्रदेश इकाई में परिवर्तन किया है। दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई। इससे पहले वीरेन्द्र सचदेवा दिल्ली की कमान संभाल रहे थे। हर्ष मल्होत्रा केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल है और वह पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। सड़क परिवहन मंत्रालय में इनके पास राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है।
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है और पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। अब प्रदेश में सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों लेंगे। ढिल्लों की नियुक्ति सिख बाहुल्य में सिख दांव के तौर पर देखी जा रही है। केवल सिंह सिख समुदाय के कद्दावर और प्रखर चेहरा है। वह कांग्रेस पार्टी में भी बड़ी भूमिका निभा चुके हैं।
कौन हैं केवल सिंह ढिल्लों ?
केवल सिंह ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने साल 2022 की संगरूर लोकसभा सीट से उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा से उपचुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा था। ढिल्लों देश और पंजाब के एक बड़े उद्योगपति हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं, उन्हें बरनाला के लोग विकास पुरुष के तौर पर जानते हैं, उन्होंने अपनी राजनीति हमेशा विकास के मुद्दे पर लड़ी है, जबकि विरोधी खेमे के नेताओं के साथ कभी भी विवाद की राजनीति में वह नहीं पड़े। बीजेपी ने संगठन की मजबूती के लिए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी हैं।
हरियाणा में अर्चना गुप्ता नियुक्त
हरियाणा में डॉक्टर अर्चना गुप्ता को प्रदेश की कमान सौंपी गई है। वह हरियाणा की राजनीति का सक्रिय चेहरा है और संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है।
देबरॉय को त्रिपुरा की जिम्मेदारी
अब बात पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की जाए तो बीजेपी ने प्रदेश प्रधान की कमान अभिषेक देबरॉय को सौंपी है। वह लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं और विभिन्न अभियानों में विशेष योगदान दिया है। पार्टी आलाकमान ने संगठन मजबूत करने और जनाधार को बढ़ाने के लिए देबरॉय को जिम्मेदारी सौंपी है।
