Black Magic In Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है, जहां एक किसान रुपए दोगुना करने के चक्कर में मौलाना के झांसे में आ गया और करोड़ों रूपए की ठगी का शिकार हो गया। इस पूरे प्रकरण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुर्ता पजामा पहने सिर पर टोपी लगाए एक शख्स दिखाई दे रहा है। वह चश्मा लगाए हाथ में एक पूजा की थाली लेकर पैसों की आरती उतार रहा है। जिसके बाद वहां से पैसे गायब हो जाते हैं। इस पूरे मामले पर अमरोहा पुलिस का बयान आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि अभी इसको लेकर कोई शिकायत नहीं आई है, अगर शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, अमरोहा जिले के सरकड़ा गांव के किसान आकाश चौधरी तंत्र-मंत्र के चक्कर में आकर एक मौलाना के झांसे में फंस गया। जिसके बाद वह करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार हो गया। किसान को मौलाना ने झांसा दिया था कि वह तंत्र-मंत्र से रुपयों को दोगुना कर सकता है। इसके बाद किसान ने अपनी 35 बीघा जमीन दी। किसान आकाश ने कहा कि, करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात गजरौला के आलम से हुई थी। जिसने शुरूआती मुलाकात में खुद को मौलाना बताया और उसके पहनावे, बातों से भी वह मौलाना लगा।
इसी बीच बातचीत के दौरान उसने तंत्र-मंत्र के जरिए रकम को कई गुना बढ़ाने का दावा किया था जिससे किसान उस मौलाना के झांसे में आ गया। आकाश ने आगे बताया कि पहले उसने 10 हजार रूपए उधार लेकर मौलाना को दिए। मौलाना ने कुछ समय के बाद 20 हजार रूपए वापस दिए। जिससे किसान का उस पर भरोसा बढ़ गया, फिर एक दिन आरोपी ने बड़ी राशि इन्वेस्ट करने की बात की और कहा कि तंत्र-मंत्र के जरिए वह पैसे को डबल कर देगा। जिसके बाद किसान ने करीब दो सालों में एक करोड़ 80 लाख रूपए मौलाना को दे दिए।
साथ ही यह भी बताया कि उसने अपनी 35 बीघा जमीन बेचकर यह राशि जुटाई थी, जिसमें उसने शुरुआत में 35 लाख रूपए चार बैंक खातों के जरिए दिए, और करीब 1.45 करोड़ रूपए नकद दिए। इस तरीके से उसने मौलाना को लगभग एक करोड़ 80 लाख राशि दे दी, फिर आरोपी बार-बार पैसे वापस लौटाने का भरोसा दिलाता रहा और यह सिलसिला लंबे समय तक यूं ही जारी रहा।
Read Also: MP: सीधी में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, एक साल में 53 मातृ महिलाओं की मौत, विभाग ने जारी किया नोटिस
आकाश ने बताया कि करीब 6 महीने पहले गजरौला में दोनों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें आरोपी ने तय तारीख पर पूरे पैसे लौटाने का भरोसा दिया था। लेकिन जब वह पैसे मांगने पहुंचा, तो आरोपी उससे बदसलूकी करने लगा और साथ ही जान से मारने की धमकी भी देने लगा। इस पूरे मामले पर किसान ने गजरौला थाने में आरोपी के खिलाफ एपआईआर दर्ज करायी और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग भी की है।
Read Also: Patna: गोलीबारी पर बदले खान सर के सुर, बोले- 'उस वक्त इतना हंगामा था कि कुछ समझ नहीं आया'
