Food To Avoid at Night: रात को सोने से पहले हम अक्सर कुछ न कुछ खाने की इच्छा महसूस करते हैं और कई बार लोग भूख मिटाने के लिए अपनी पसंदीदा चीजें खा लेते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि रात के समय खाई गई कुछ चीजें आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती हैं। दिन के समय जिन चीजों को खाना फायदेमंद माना जाता है। वही चीजें रात में पाचन तंत्र के लिए परेशानी का कारण बन सकती है क्योंकि रात के समय हमारा पाचन तंत्र दिन की तुलना में धीमी गति से काम करता है।
ऐसे में अगर सोने से ठीक पहले भारी या पचने में ज्यादा समय लेने वाला भोजन कर लिया जाए, तो गैस, एसिडिटी, पेट फूलना और भारीपन जैसी समस्याएं हो सकती है। इतना ही नही कुछ खाद्य पदार्थ आपकी नींद को भी प्रभावित कर सकते हैं। अगर आप भी रात को सोने से पहले कुछ खाने की आदत रखते हैं, तो आपको अपनी डाइट को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। आइए जानते हैं उन 5 चीजों के बारे में जिनका सेवन रात में सोने से पहले करने से बचना चाहिए।
दही
दही को सेहत और खासकर पाचन तंत्र के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों के लिए उपयोगी हो सकते हैं और पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। लेकिन रात में सोने से ठीक पहले दही का सेवन कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इससे पेट फूलना, भारीपन या पाचन संबंधी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं।
पालक
पालक को पोषक तत्वों से भरपूर हरी सब्जी माना जाता है। इसमें आयरन और फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो शरीर के लिए बेहद जरूरी होते है। हालांकि, रात के समय पालक का सेवन करना पाचन संबंधी परेशानी का कारण बन सकता है क्योंकि इसमें मौजूद फाइबर को पचने में अधिक समय लग सकता है। ऐसे में रात में पालक खाने से कुछ लोगों को पेट में भारीपन, गैस या बेचैनी महसूस हो सकती है।
फल
फल हमारी सेहत के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं और डॉक्टर भी रोजाना अपनी डाइट में एक फल शामिल करने की सलाह देते हैं। हालांकि, रात को सोने से ठीक पहले फल या फलों के जूस का सेवन करने से बचना चाहिए। फलों में प्राकृतिक रूप से शुगर मौजूद होती है जिसका देर रात सेवन कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसके अलावा, संतरा और अंगूर जैसे खट्टे फलों का रात में सेवन करने से भी परहेज करना चाहिए। क्योंकि इससे पेट में भारीपन या एसिडिटी की समस्या भी हो सकती है।
अंकुरित अनाज
अंकुरित अनाज को हेल्दी डाइट का हिस्सा माना जाता है। मूंग, चना और अन्य अंकुरित अनाजों में फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए भी जाते हैं। लेकिन हर हेल्दी चीज को किसी भी समय खाना सही नहीं होता और खासकर रात में सोने से पहले। क्योंकि अंकुरित अनाज में फाइबर की मात्रा अधिक होने से इन्हें पचने में ज्यादा समय लग सकता है। इन्हें खाने के बाद गैस, पेट फूलना, भारीपन और बेचैनी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती है।
Also Read: Lifestyle: बारिश के बाद बढ़ जाती है उमस और चिपचिपाहट? इन आसान ट्रिक्स से मिलेगी राहत
खीरा और चुकंदर
खीरा और चुकंदर में भी कई जरूरी पोषक तत्व और पानी की अच्छी मात्रा मौजूद होती है। हालांकि, रात के समय इसका सेवन करना परेशानी का कारण बन सकता है। खासकर संवेदनशील पाचन तंत्र वाले लोगों को इन्हें देर शाम या सोने से ठीक पहले खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा, खीरे में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या भी हो सकती है। इसलिए खीरा और चुकंदर जैसी कच्ची सब्जियों का सेवन दिन के समय करना बेहतर हो सकता है।
नोट- दी गई उपर्युक्त समग्र सलाह और जानकारी केवल सामान्य उद्देश्य के लिए है। हम इसको लेकर किसी प्रकार का कोई दावा नहीं करते हैं। किसी भी प्रकार की सलाह के लिए पेशेवर चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।


