उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के बसभरिया पुरैना गांव से एक ऐसी खबर आई है, जहां 7 दिनों तक एक गाय खेत के चक्कर लगाती रही।UP: गांय को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और ये घटना चर्चा का विषय बना गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गाय करीब 7 दिनों तक रूक-रूक कर लगातार खेत के चक्कर लगाती थी। इसी दौरान इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया जिसके बाद न केवल गांव के लोग, आसपास के लोग बल्कि दूर-दराज के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। वहीं कुछ लोगों ने इस पूरी घटना को धार्मिक संकेत बताया, तो कुछ ने दैवीय चमत्कार मानकर पूजा करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते लोग खुद भी गाय की तरह खेत की परिक्रमा करने लगे।
इस मामले की जानकारी मिलते ही 8वें दिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और हालात पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों से अनावश्यक भीड़ न जुटाने की अपील की। साथ ही साथ गाय को उसके मालिक के हवाले किया। जब पशु चिकित्सकों की टीमें मौके पर पहुंची तो, जो वजह निकलकर सामने आई वो बिल्कुल हैरान कर देने वाली थी। डॉक्टरों के मुताबिक, गाय एक बीमारी से पीड़ित थी जिसे सर्रा या फिर हाईपोग्लाइसीमिया कहा जाता है।
इस बीमारी के इलाज के दौरान उसे इंजेक्शन दिया गया जिससे कुछ ही समय बाद गाय ने चक्कर लगाना बंद कर दिया। इसके बाद गाय को आगे के इलाज के लिए भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कई बार किसी भी असामान्य व्यवहार के पीछे चमत्कार नहीं बल्कि चिकित्सकीय कारण भी हो सकते हैं।
