Delhi NCR IMD Alert: दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 20 जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई हैं। इस दौरान सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री तापमान रहा। सोमवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और विजिबिलिटी भी कम है।
राजधानी दिल्ली में रविवार से कई इलाकों में बारिश हो रही है। आईएमडी ने भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहा। सोमवार सुबह की शुरुआत जंतर-मंतर समेत कई इलाकों में बारिश के साथ हुई।
आईएमडी ने दिल्ली के बाद एनसीआर में 20 से लेकर 23 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। जिसके चलते पूरे सप्ताह लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। 21 जुलाई को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश हो सकती है।
बुधवार 22 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके बाद 23 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है, हालांकि इस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 24 और 25 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री तथा न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एनसीआर के लोगों को पूरे सप्ताह गर्मी से जरूर राहत मिलेगी।
Read Also: Monsoon Session: सदन के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित, राज्यसभा में गूंजा लाठीचार्ज का मुद्दा
