Vaibhav Sooryavanshi Debut: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर वैभव सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले क्रिकेटर बन गए। युवा वैभव को डेब्यू कैप वाइस कप्तान तिलक वर्मा ने थमाई। इसके साथ ही वह भारत की ओर से टी-20 क्रिकेट खेलने वाले 122वें खिलाड़ी बन गए। इस मैच से पहले पूरे क्रिकेट जगत को इस स्टार बल्लेबाज के पदार्पण का बेसब्री से इंतजार था।
इस सीरीज से पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका नहीं मिला इसके साथ ही डेब्यू का इंतजार और बढ़ गया। इंग्लैंड के साथ शुरू हुई पांच मैचों की सीरीज में पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। लेकिन, दूसरे मैच में भारत की ओर से आखिरकार इस 15 साल के युवा बल्लेबाज का पदार्पण हो गया।
इस पदार्पण के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया। वैभव सूर्यवंशी ने इस मामले में सिर्फ पुरुष ही नहीं बल्कि ओवरऑल रिकॉर्ड में भी टॉप जगह बनाई। भारत के लिए पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। महिला क्रिकेट में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है। शेफाली ने 15 साल 239 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। वैभव ने सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में टेस्ट मैच खेलकर किया था। इंटरनेशनल डेब्यू के समय सचिन की उम्र 16 साल और 205 दिन थी। हालांकि, शुरुआती कुछ पारियों में उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन जब चला तो फिर उसने रुकने का नाम नहीं लिया। जब तक उन्होंने क्रिकेट को अलविदा नहीं कह दिया। सचिन को इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़े हुए करीब 13 साल हो गए हैं, लेकिन ना जाने कितने ही कीर्तिमान ऐसे हैं, जो अभी तक दूसरा कोई खिलाड़ी तोड़ नहीं पाया है। आज भी बहुत से ऐसे रिकॉर्ड हैं, जो तोड़ पाना किसी के लिए बहुत मुश्किल लगते हैं।
