Ambedkar Nagar: उत्तर प्रदेश के एक गांव से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर से दो दर्जन से ज्यादा सांप निकले, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय निवासियों ने आनन-फानन में सपेरों को बुलवाया, जिसके बाद सांपों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। सांपों के निकलने के बाद इलाके में कई तरह चर्चाओं का बाजार गर्म है।
दरअसल, अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव के एक घर से दर्जनों सांप के बच्चे और एक कोबरा नाग निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक साथ बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने पर ग्रामीणों में अलग-अलग चर्चा व्याप्त हो गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आजनपारा गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय राम कृपाल विश्वकर्मा के बच्चों ने मिट्टी की दीवार वाले घर में कोबरा नाग के कई बच्चों को घूमते हुए देखा। कोबरा नाग के बच्चों को देखकर खेलते हुए बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे जिसके बाद मौके पर परिजन पहुंच गए। जब आसपास पड़े कूड़ा-करकट को हटाया गया तो सांप के बच्चों के साथ एक बड़ा कोबरा भी दिखाई दिया, जो देखते ही देखते दीवार की दरार में छिप गया।
घटना की सूचना फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद जगतुपुर गांव से एक सपेरा बुलाया गया। उन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद एक-एक कर कुल 25 सांप के बच्चों को पकड़कर सुरक्षित डिब्बे में बंद किया। इसके बाद मकान के हिस्से को हटाकर बिल में छिपे कोबरा को भी पकड़ लिया गया। सपेरे ने सभी सांपों को सुरक्षित रूप से नजदीकी जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
Read Also: Red Fort Threat: लाल किले को एक बार फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, राजधानी से लेकर मुंबई तक हड़कंप
