Delhi NCR Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। प्री-मानसून की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल जाता है लेकिन, अधिक तापमान के कारण गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सोमवार सुबह अचानक मौसम ने मिजाज बदला और आसमान में बादल छा गए। बादल और हवाओं के कारण लोग राहत महसूस कर रहे हैं। इस दौरान कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ऐसे में एक सवाल पूछा जा रहा है कि आखिर मानसून दस्तक कब देने जा रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है। मंगलवार 30 जून से अच्छी बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोग उमस का सामना कर रहे हैं। मानसून की बारिश का इंतजार लंबा हो गया है लेकिन 4 जुलाई को राजधानी दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर है।
मौसम विभाग का कहना है कि, मानसून दिल्ली में 4 जुलाई को पहुंच सकता है। 5 से 6 दिनों बाद दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिल सकती है। दिल्ली-एनसीआर में इस समय दिन में तापमान 40 के पार पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों को हीट इंडेक्स वाली गर्मी महसूस हो रही है। आगामी दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। जिससे लोगों को परेशानी और बढ़ सकती है।
मानसून का अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली की ओर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अगले 3 से 4 दिनों में उत्तर प्रदेश में मानसून आगे बढ़ सकता है। जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों में मानसून पहुंचने की अच्छी संभावना है। गौरतलब है कि, बीते सालों में इन जगहों पर मानसून 27 जून तक पहुंच जाता था लेकिन इस बार कमजोर के कारण देरी हो रही है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार में मानसून के बादल दिखाई दे रहे हैं।
