भारत के अधिकतर हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और चिलचिती धूप का कहर देखा जा रहा है। बुधवार दोपहर को राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया तो नोएडा में भी पारा 43 डिग्री के पार है। ऐसे में लोग सुकून, शांति, कम तापमान और भीड़ से दूर ऐसे स्थानों की तलाश करते हैं जहां पर परिवार के साथ गर्मियों की छुट्टी को बिताया जाए। अगर आप भी ऐसे स्थानों पर जाने का प्लान बना रहें हैं तो यह खबर बिल्कुल आपके लिए है। इस आर्टिकल में हम देश के उन स्थानों के बारे में बताएंगे जहां पर समय बिताने पर किसी जन्नत से कम महसूस नहीं होता। परिवार के साथ इन ठंडक स्थानों पर शांति के साथ-साथ सुकून भरी जिंदगी का भी एहसास होगा।
मनाली
हम जब भी ठंडी जगह पर जाने का प्लान बनाते हैं तो हमारे और आपके दिमाग में सबसे पहले मनाली का नाम आता है। मनाली वाकई एक शानदार जगह है क्योंकि यह शहर गर्मियों में घूमने के लिए बेहद खूबसूरत है। यहां बहुत ठंड नहीं होती, लेकिन भारत के अन्य गर्म इलाकों की तुलना में यहां मौसम ठंडा रहता हैं इस जगह की खास बात यह भी है कि यहां दिन जितने सुहावने होंगे, रातें भी उतनी ही ठंडी होंगी। गर्मियों के मौसम में आप ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग, क्वाड बाइकिंग और पैराग्लाइडिंग का मजा ले सकते हैं।
लद्दाख
बात चाहे रोमांच की हो, प्रकृति की हो या फिर शांति और मनमोहक दृश्य की, लद्दाख में सबकुछ है। खासतौर पर गर्मियों में घूमने के लिए यह एक परफेक्ट जगह है। यह मौजूद पहाड़ी दर्रे, खूबसूरत झीलें, बंजर घाटियां और प्राचीन बौद्ध मठ की खूबसूरती ऐसी है कि आप इनकी ओर खींचे चले आएंगे। साथ ही साथ ट्रेकिंग और मोटरसाइकिल एडवेंचर का भी यहां आप लुत्फ ले सकते हैं।
ऋषिकेश
ऋषिकेश एक ऐसा स्थान जहां आध्यात्मिकता, रोमांच और प्राकृतिक सुंदरता तीनों का संगम एक साथ देखने को मिलता हैं। पवित्र गंगा नदी के तट पर स्थित त्रिवेणी घाट ऋषिकेश का सबसे बड़ा घाट है। इसी घाट पर हर शाम महाआरती होती है। यहां मौजूद राम और लक्ष्मण झूले से गंगा नदी और पहाड़ों के सुंदर दृश्य दिखाई देते हैं। रिवर राफ्टिंग के जरिए यहां आप गर्मी से भरपूर निजात पा सकते हैं।
मसूरी
पहाड़ों की रानी के नाम से मशहूर यह जगह प्रकृति की अद्भुत देन है। यहां की विविध वनस्पतियां पर्यटकों को शांति का अनुभव कराती हैं। गर्मियों में भारत में घूमने के लिए मसूरी एक आदर्श स्थान है। यहां धनौल्टी, क्लाउड एंड रिज़ॉर्ट, चार दुकान और मॉल रोड जैसे कई अनूठे आकर्षण हैं।
श्रीनगर
गर्मी के मौसम में श्रीनगर पर्यटकों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां का सुहावना मौसम भीषण गर्मी से राहत तो देता ही है साथ ही साथ मनमोहक उद्यान शालीमार बाग अपनी खूबसूरती से पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। इसके अलावा गुलमर्ग गोंडा की रोमांचक सवारी बर्फ से ढके पहाड़ों और हरी-भरी वादियों के अद्भुत नजारे दिखाती है। डल झील में शिकारा राइड और हाउसबोट में ठहरने का अनुभव श्रीनगर यात्रा को और भी यादगार बना देता है। जहां आप प्रकृति की गोद में सुकून के पल बिता सकते हैं।


