Los Angeles Cricket Qualification Rule 2028: लॉस एंजिल्स में आयोजित होने वाले ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (आईओसी) ने क्वालिफिकेशन के नियमों की घोषणा कर दी है। दोनों ने मिलकर यह साफ किया है कि लॉस एंजिल्स 2028 में होने वाले ओलंपिक में क्रिकेट खेलने के लिए टीमों को कैसे चुना जाएगा। इसके साथ ही, टीमों को एक आखिरी मौका देने के लिए पहली बार एक खास ओलंपिक क्वालिफायर टूर्नामेंट भी कराया जाएगा।
भारतीय महिला टीम ने किया क्वालीफाई
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के नतीजों के आधार पर ओलंपिक के लिए पहली 4 महिला टीमों की जगह पक्की हो गई है। इसके नियम के मुताबिक, दुनिया के चार अलग-अलग इलाकों (महाद्वीपों) से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एक-एक टीम को चुना गया है। इस तरह एशिया से भारत, ओशिनिया से ऑस्ट्रेलिया, यूरोप से इंग्लैंड (ग्रेट ब्रिटेन) और अफ्रीका से साउथ अफ्रीका की टीम ने ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है। बाकी टीम का फैसला क्वालीफायर के जरिए होगा।
टी-20 फॉर्मेट में होंगे मुकाबले
साल 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट का असली रोमांच देखने को मिलेगा। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के सभी मैच T20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। दुनियाभर से केवल 6 पुरुष और 6 महिला टीमों को ही इसमें खेलने का मौका मिलेगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें एशिया, अफ्रीका, यूरोप और ओशिनिया जैसे अलग-अलग महाद्वीपों की टीमों का होना पक्का है। इसका मतलब है कि दुनिया के हर कोने के क्रिकेट फैंस अपनी पसंदीदा टीमों को ओलंपिक मेडल के लिए आपस में टकराते हुए देख सकेंगे।
Read Also: Ind vs Eng: कब से शुरू हो रही है भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज, ये रहा 5 टी-20 मैचों का शेड्यूल
क्वालिफायर से होगा फैसला
बता दें कि, ओलंपिक में शामिल होने वाली शुरुआती 5 टीमों का फैसला तो आईसीसी पुरुष रैंकिंग और मौजूदा टूर्नामेंट्स के प्रदर्शन के आधार पर हो जाएगा। लेकिन छठी और आखिरी टीम को चुनने के लिए साल 2027 में एक खास 'आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर' टूर्नामेंट कराया जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और जो टीम इसे जीतेगी, उसे ही ओलंपिक में खेलने का आखिरी टिकट मिलेगा।
