Delhi NCR Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बरसात के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 9 जुलाई गुरुवार को दिनभर हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अब 11 जुलाई शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, दिन आगे बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां कमजोर हो सकती है, जिससे उमस और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, इस दौरान तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार को पूरे दिल्ली-एनसीआर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह और दोपहर के दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली चमकने की संभावना है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ हो सकता है, लेकिन नमी अधिक रहने से उमस बनी रहेगी। इसी के साथ 10 से 20 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
आईएमडी के अनुसार, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, शाहदरा सहित एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह के समय हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। बता दें कि, इस बार मानसून की दस्तक करीब 10 दिन देरी से हुई। अल-नीनो के कारण मानसून की गति कमजोर बनी हुई थी। अब दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर रात से हुई मानसूनी बरसात से गर्मी से राहत जरूर मिली है।
Read Also: हमीरपुर में बड़ा हादसा: तेज आंधी-तूफान से गिरा पुल का हिस्सा, 6 लोगों की दबने से मौत, रेस्क्यू जारी
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम...
12 जुलाई: आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
13 जुलाई: मौसम शुष्क रहने के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे और उमस में बढ़ोतरी रहेगी।
14 जुलाई: अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश की संभावना कम रहेगी।
15 जुलाई: आसमान में बादल बने रहेंगे, लेकिन व्यापक बारिश के संकेत नहीं हैं।
16 जुलाई: सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे और मौसम गर्म और उमस वाला बना रहेगा।
Read Also: MP News: बीजेपी शासित मध्य प्रदेश में जल्द लागू होगा UCC, सीएम मोहन यादव ने लोगों से मांगे सुझाव
