Weather Forecast 11 August: दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। बारिश के चलते कई राज्यों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। इस समय दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बीते कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे और शाम होते-होते कई इलाकों में बादल झमाझम बरसे। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मंगलवार 11 अगस्त को दिल्ली में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 12 से 15 अगस्त तक भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में इस समय मानसून सक्रिय है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में देहरादून, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रह सकता है।
