Daily Yoga: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद को स्वस्थ और फिट रखना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। क्योंकि खराब लाइफस्टाइल, अनियमित खानपान और बढ़ते तनाव के चलते काफी बीमारियों का सामना करना पड़ता है, अपने को फिट रखने के लिए लोग जिम, एक्सरसाइज और योग का सहारा ले रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में योग ने न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग योगा क्लास जॉइन कर रहे हैं, जबकि कई लोग घर या पार्क में नियमित रूप से योगाभ्यास भी करतें हैं।
एक स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार और अच्छी जीवनशैली जितनी ज्यादा जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण योग भी है। लेकिन योग का पूरा लाभ तभी मिलता है, जब इसे सही तरीके और सही नियमों के साथ किया जाए। कई बार लोग जानकारी के अभाव में योग करते समय ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनसे फायदा होने की बजाय भारी नुकसान हो जाता है ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि योग करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए, ताकि आपका योगाभ्यास सुरक्षित, प्रभावी और शरीर के लिए अधिक लाभकारी साबित हो सके।
सही समय का चुनाव
योग का पूरा लाभ तभी मिलता है, जब इसे सही समय पर किया जाए। कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि योग करने का सबसे उपयुक्त समय क्या है। कुछ लोग सुबह, दोपहर या शाम-कभी भी योग करना शुरू कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार योग का सबसे अच्छा समय सुबह का ब्रह्म मुहूर्त या सूर्योदय से पहले का समय माना जाता है। इसके अलावा, योग शुरू करने से पहले 5 से 10 मिनट का हल्का वार्म-अप करना भी बेहद जरूरी है। वार्म-अप करने से शरीर की मांसपेशियां और जोड़ योग के लिए तैयार हो जाते हैं।
खानपान
एक स्वस्थ शरीर के लिए योगा करना ही काफी नहीं होता, बल्कि सही खानपान का ध्यान रखना भी उतना ही ज्यादा जरूरी होता है। जानकारों की मानें तो, योग हमेशा खाली पेट या हल्का भोजन करने के 2 से 3 घंटे बाद ही करना चाहिए। भरे पेट योग करने से असहजता महसूस हो सकती है और पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसके अलावा योगाभ्यास के दौरान बार-बार या तुरंत बाद पानी पीने से बचना चाहिए।
तुरंत न नहाना
योग करने से पहले या फिर योग खत्म होते ही तुरंत नहाने से बचना चाहिए। क्योंकि योग के दौरान शरीर में ऊर्जा का संचार बढ़ता है और शरीर का तापमान भी सामान्य से अधिक हो जाता है। ऐसे में तुरंत स्नान करने से शरीर के तापमान में अचानक बदलाव आ सकता है, जिससे शरीर को असहजता महसूस हो सकती है।
Read Also: Lifestyle: तेजी से करना चाहते हैं पेट की चर्बी कम, तो न जिम और न डाइटिंग, बस इन योगासन को अपनाएं
सांस लेने की प्रक्रिया
योगाभ्यास के समय सांस लेने और छोड़ने का सही तरीका बेहद महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि कई लोग योग करते समय अनजाने में अपनी सांस रोक लेते हैं, जबकि ऐसा करना सही नहीं माना जाता। इससे शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती इसलिए योग या प्राणायाम करते समय हमेशा धीरे-धीरे, गहरी और नियंत्रित सांस लेनी और छोड़नी चाहिए। जिससे शरीर और मन दोनों शांत रहें।
कब न करें योगा
अगर आप किसी बीमारी जैसे- हाई ब्लड प्रेशर, हर्निया, गंभीर चोट, हाल ही में हुई सर्जरी या फिर गर्भावस्था जैसी स्थिति से गुजर रहे हैं, तो बिना विशेषज्ञ की सलाह के योगाभ्यास नहीं करना चाहिए। इसके लिए सबसे पहले किसी प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक या डॉक्टर की सलाह लेकर ही अभ्यास करें। क्योंकि गलत योगासन करने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
