Namo Bharat Gate Closed List: अगर आप दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत (RRTS) ट्रेन से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। क्योंकि सावन के महीने में जारी कांवड़ यात्रा को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। निगम ने 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक नमो भारत कॉरिडोर के 17 स्टेशनों पर कुछ एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की है। इसके साथ ही कुछ स्टेशनों पर पार्किंग सुविधा भी सीमित रहेगी।
NCRTC ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने स्टेशन के खुले एंट्री और एग्जिट गेट की जानकारी अच्छी तरह जांच लें। साथ ही, सामान्य दिनों की तुलना में थोड़ा पहले स्टेशन पहुंचें, ताकि अस्थायी व्यवस्था के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल 4 अगस्त से 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद सभी स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट और अन्य सुविधाएं पहले की तरह सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी। ऐसे में यात्रियों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि सभी स्टेशनों पर वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वार खुले रहेंगे, जिससे यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहेगी। और इस इस दौरान नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा।
Read Also:1 अगस्त से लागू हुए 5 बड़े बदलाव, LPG से लेकर ITR तक जानिए क्या-क्या बदला
आपको बता दें कि कांवड़ यात्रा के दौरान बेगमपुल स्टेशन के गेट नंबर 2 और 3, दुहाई स्टेशन के गेट नंबर 3 और 4, जबकि गाजियाबाद स्टेशन के गेट नंबर 3 और 5 अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इसके अलावा मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर और गुलधर स्टेशनों पर गेट नंबर-2 बंद रहेगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान जिन नमो भारत स्टेशनों के कुछ प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे, उन गेटों से जुड़ी पार्किंग सेवाएं भी इस अवधि में उपलब्ध नहीं होंगी। हालांकि यात्रियों को ट्रेन संचालन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है,क्योंकि सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नमो भारत ट्रेनें अपने तय समय और शेड्यूल के अनुसार चलती रहेंगी।
