Amroha Viral Wedding: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिसे से एक अनोखा मामला सामने आया है, जो देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां तीन सगी बहनों ने एक ही शख्स को अग्नि को साक्षी मानकर अपना जीवन साथी चुन लिया। बताया जा रहा है कि इस शादी में दोनों परिवारों का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ। शादी का विरोध होने पर तीनों बहनों ने रामायण का उदाहरण दिया और कहा कि भगवान श्रीराम के पिता राजा दशरथ के भी तीन पत्नियां थी। हमने एक व्यक्ति को अपनी पति स्वीकार करके कोई पाप नहीं किया है। अब इस शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के धौरिया गांव का है। जहां रहने वाली तीन सगी बहनें- सरोज, सावित्री और संतोष सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, और इंस्टाग्राम व फेसबुक पर लगातार वीडियो बनाती हैं। तीनों बहनों के सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग भी है और सरोज बीटेक सेकंड ईयर की छात्रा हैं जबकि सावित्री और संतोष 12वीं पास हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनों के पिता रमेश किसान हैं।
वहीं, श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू तीनों बहनों के साथ बतौर कैमरामैन का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब छह महीने से उनके लिए वीडियो शूट कर रहा था। सोशल मीडिया पर बनाई जाने वाली गांव से जुड़ी कहानियों में विकास कई बार तीनों बहनों के पति का किरदार भी निभाता था और विकास ने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की है।
बता दें कि, इसी 17 जुलाई को तीनों बहनों ने विकास संग चामुंडा माता के मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह किया था। हालांकि, इस शादी में दोनों ही परिवारों का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ था। इस अजब-गजब शादी का राज तब खुला। जब बुधवार शाम करीब 5 बजे इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के नेताओं और कई लोगों ने इस शादी पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि धार्मिक स्थल पर इस तरह विवाह करना सनातन धर्म की मर्यादाओं और परंपराओं के खिलाफ है। विरोध बढ़ने के बाद तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि अपनी मर्जी से विवाह किया है और तीनों बालिग हैं।
तीनों बहनों का कहना है कि अगर प्राचीन समय में राजा दशरथ की तीन रानियां थीं, तो उनके इस फैसले पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह निर्णय अपनी इच्छा से लिया गया है और वे जीवनभर एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं। वह बचपन से ही हमेशा एक-दूसरे के साथ रही हैं और शादी के बाद भी अलग-अलग घरों में नहीं जाना चाहती थीं। परिवार की ओर से जब उनके रिश्ते अलग-अलग जगह तय किए जाने लगे, तो उन्होंने एक साथ एक ही युवक से विवाह करने का फैसला किया था।
शादी को लेकर विकास का भी बयान सामने आया है जिसमें उसने कहा कि वह तीनों बहनों की भावनाओं से परिचित था और उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए इस विवाह के लिए तैयार हुआ। इस फैसले का उद्देश्य जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाना है। हम साथ में मिलकर वीडियो बनाते थे अब साथ में काम करने में और आसानी रहेगी।
Read Also: Rahul Gandhi PC: छात्रों से माफी मांगे PM Modi, 10 साल में 152 पेपर लीक, राहुल ने रखी तीन मांगें
