Delhi NCR Weather Forecast: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिलने जा रही है, लेकिन मानसून को लेकर अभी इंतजार करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मानसून को लेकर अपडेट जारी किया है। पहले मानसून प्रवेश की संभावना 27 जून को जताई गई थी, वहीं रफ्तार धीमी होने के कारण अब जुलाई के पहले सप्ताह में दस्तक देने की संभावना है। पश्चिमी-विक्षोभ के कारण गरज चमक के साथ हल्की बारिश से राहत जरूर मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होती रहेगी। इस दौरान लोगों को गर्म हवा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बरसात कम होने के कारण उमस परेशानी बढ़ा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। 26 जून शुक्रवार के दिन गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई।
इसके अलावा 27 जून शनिवार के दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। 28 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। 29 जून को अधिकतम तापमान घटकर 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
महीने के आखिरी दिन 30 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के संकेत हैं। जुलाई के पहले दिन हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के करीब मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि, इस बार मानसून की रफ्तार धीमी है। वह करीब 10 से ज्यादा दिन लेट है। पहले सप्ताह में मानसून दस्तक देगा, जिसके चलते उत्तर भारत में गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, प्री-मानसून की गतिविधियों के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
