Ind vs Afg ODI 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच बारिश से प्रभावित पहला एकदिवसीय मुकाबला धर्मशाला में खेला जा रहा है। बारिश की वजह से मैच में देरी से टॉस हुआ और बाद में मुकाबला 25-25 ओवर्स कर दिया गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत की ओर से दो नए खिलाड़ियों को इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला है। इसमें एक नाम आईपीएल 2026 सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे (Harsh Dubey) का है तो वहीं दूसरा नाम पिछले काफी समय से घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 6 फुट से अधिक लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार (Gurnoon Brar) का नाम शामिल है।
लिस्ट-ए में शानदार प्रदर्शन
हर्ष दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की तरफ से खेलते हैं। अगर लिस्ट-ए क्रिकेट में रिकॉर्ड की बात की जाए तो उन्होंने 30 मैचों में 37.87 की औसत से 31 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी की बात की जाए तो उन्होंने बल्ले से भी शानदार खेल दिखाया और 296 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो फिफ्टी भी निकली।
वहीं पंजाब की तरफ से खेलने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बरार पिछले काफी समय से टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा तो रहे हैं लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका अब जाकर मिला है। गुरनूर का लिस्ट-ए में प्रदर्शन देखा जाए तो उसमें उन्होंने सिर्फ 9 मुकाबले खेले हैं जिसमें वह 12 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। इसके अलावा आईपीएल में गुरनून ने शानदार खेल दिखाया है।
तीन साल बाद किशन की वापसी
इसके इतर तीन साल बाद भारतीय वनडे टीम में ईशान किशन वापसी कर रहे हैं। इस मैच में वह विकेटकीपिंग की भूमिका निभा रहे हैं। वह वनडे विश्वकप 2023 के बाद से एकदिवसीय टीम में वापसी कर रहे हैं। इस मैच में केएल राहुल एक बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं। स्पिनर कुलदीप यादव को इस मैच में बाहर रखा गया है और दो स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुब और वाशिंगटन सुंदर के साथ टीम मैदान में उतरी है।
भारत और अफगानिस्तान की प्लेइंग 11...
भारत: शुभमन गिल (C), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (WK), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जदरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (WK), सदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (C), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सैफी, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी।
