UP BJP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है बीजेपी वैसे-वैसे तैयारियों को तेज कर रही है। अब प्रदेश संगठन में बीजेपी ने बड़ा बदलाव कर दिया है। जिसकी लिस्ट प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जारी कर दी है। चौधरी की टीम यानी यूपी बीजेपी के संगठन में 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री बनाए गए हैं। देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा बीजेपी ने कई अहम चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी हैं। समाजवादी पार्टी से बगावट करके बीजेपी में शामिल हुई पूजा पाल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा युवा और अनुभवी चेहरों को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पश्चिमी उत्तर से पूर्व मंत्री सुरेश राणा और मोहित बेनीवाल को उपाध्यक्ष का पदभार सौंपा है। दोनों नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत पकड रखते हैं।
बीजेपी प्रदेश संगठन की लिस्ट के मुताबिक, 19 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉक्टर कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, आलोक गुप्ता, राजेश यादव और कृष्ण बिहारी राय शामिल हैं। इनमें कई ओबीसी वर्ग के नेता शामिल हैं।
आठ महामंत्री बनाए गए
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश संगठन में आठ महामंत्री भी बनाए हैं। इनमें रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल हैं। बीजेपी ने हर इलाके से नेता को संगठन में जगह दी है।
इन नेताओं को बनाया प्रदेश मंत्री
इसके अलावा अपनी टीम में 18 मंत्री भी बनाए हैं। जिन नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, उनमें कई ओबीसी वर्ग से आते हैं। बीजेपी ने इस लिस्ट में सभी जातियों के नेताओं को जगह दी है। जिन नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, उनमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर और प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से विचार विमर्श के बाद पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। अभी हाल में पंकज चौधरी ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के बीच नए संगठनात्मक ढांचे को लेकर चर्चा की थी। संगठन को मजबूत करने के लिए दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बैठकें हो चुकी हैं और अब संगठन का नया विस्तार किया गया है। विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी लगातार तैयारियों को तेज करने और संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है।
Read Also: Weather Forecast Live: महाराष्ट्र के कई इलाकों में जोरदार बारिश, पानी-पानी मुंबई, मानसून 13 दिन लेट
