School Tips: बरसात का मौसम बच्चों के लिए जितना मजेदार होता है माता-पिता के लिए उतना ही चुनौतीपूर्ण भी होता है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश से स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े, जूते और किताबें भीगने का डर भी बना रहता है। वहीं मानसून के दौरान सर्दी-खांसी, वायरल संक्रमण, पेट की समस्याएं और मच्छरों से होने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों को सिर्फ रेनकोट और छाता देना ही काफी नहीं होता बल्कि कुछ जरूरी चीजें ऐसी भी हैं, जिन्हें हर माता-पिता को अपने बच्चों के स्कूल बैग में जरूर रखना चाहिए। ये छोटी-छोटी चीजें बारिश के मौसम में बच्चों को कई परेशानियों से बचाने में मदद कर सकती हैं। तो आइए जानते हैं मानसून के दौरान बच्चों के स्कूल बैग में कौन-कौन सी जरूरी चीजें रखनी चाहिए।
हल्का रेनकोट और फोल्डिंग छाता
बरसात का मौसम कब करवट बदल लें इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में हर पेरेंट्स को अपने बच्चों के स्कूल बैग में हल्का रेनकोट और फोल्डिंग छाता जरूर रखना चाहिए। ये दोनों चीजें बैग में ज्यादा जगह भी नहीं घेरती और अचानक होने वाली बारिश से बच्चों को भीगने से बचाने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं।
जिप लॉक पाउच और वाटरप्रूफ बैग कवर
बरसात के मौसम में वाटरप्रूफ बैग कवर बच्चों के स्कूल बैग को बारिश के पानी से बचाने में काफी मददगार साबित हो सकता है। इसके अलावा माता-पिता बच्चों के बैग में कुछ जिप लॉक पाउच भी रख सकते हैं। इनमें आईडी कार्ड, जरूरी कागजात, नोटबुक या अन्य छोटी चीजें रखकर उन्हें पानी से भीगने से बचाया जा सकता है। वहीं वाटरप्रूफ बैग कवर से पूरे बैग को कवर करके उसे भीगने से बचा सकते हैं।
एक्सट्रा सॉक्स और छोटा तौलिया
अगर बच्चे बारिश में भीग जाएं तो बैग में रखे एक्सट्रा मौजे और छोटा तौलिया या रूमाल काफी मददगार साबित हो सकते हैं। गीले मौजे लंबे समय तक पहनने से बच्चों को असहजता हो सकती है। इसलिए एक्सट्रा जुराब रखना बेहतर होता है। वहीं छोटा तौलिया या रूमाल भीगे हुए बाल और चेहरा पोंछने में मदद करता है।
हैंड सैनिटाइजर और पानी की बोतल
कहा जाता है कि ज्यादातर बीमारियों की शुरुआत गंदे हाथों से होती है और बारिश के मौसम में संक्रमण का खतरा और भी बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों के स्कूल बैग में हैंड सैनिटाइजर की छोटी बोतल जरूर रखनी चाहिए ताकि वे समय-समय पर हाथों की स्वच्छता का ध्यान रख सकें। इसके अलावा बच्चों के लिए साफ और स्वच्छ पानी से भरी बोतल रखना भी बेहद जरूरी है।
Read Also: Sawan 2026: महादेव के ऐसे 5 प्रसिद्ध मंदिर, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु करते हैं जलाभिषेक
