Udhayanidhi Stalin Arrest: तमिलनाडु की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त हलचल मच गई, जब तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने यह कार्रवाई अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर एक रैली के दौरान की गई कथित विवादित टिप्पणी से जुड़े मामले में की हैं। इससे पहले स्टालिन के घर के बाहर सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश कर रहे कई DMK कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
चेन्नई पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्रन नायर ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में पूर्व डिप्टी सीएम और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उदयनिधि स्टालिन ने इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- "मैं इस मामले का कानूनी तरीके से सामना करूंगा। मेरी नजर में यह गिरफ्तारी एक मजाक है। मैं ही नहीं,बल्कि DMK का आखिरी कार्यकर्ता भी ऐसी कार्रवाई से डरने वाला नहीं है। हम लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से अपना पक्ष रखेंगे।" उनके बयान के बाद तमिलनाडु की राजनीति में इस मामले को लेकर सियासी माहौल और गरमा गया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब बीते दिन यानी सोमवार को कावेरी मुद्दे को लेकर तंजावुर में डीएमके(DMK) ने टीवीके(TVK) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय जोसेफ पर कावेरी मुद्दे की चिंता न करने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने भाषण में कहा- कि तमिलनाडु को कावेरी नदी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला, और मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर बेपरवाह है। इसी रैली के दौरान यह मामला तब और अधिक गरमा गया जब वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने ‘तृषा, तृषा’ चिल्लाना शुरू किया। जिसके बाद उदयनिधि ने अपना भाषण बीच में ही रोककर ऐसी टिप्पणी की। जिसे लोगों ने अपमानजनक और दोहरे अर्थ वाला माना। महिला एक्ट्रेस पर हुई इस तरह की अभ्रद टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गरमा गया वहीं घटना के बाद मुख्यमंत्री विजय जोसेफ की पार्टी टीवीके (TVK) ने पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई। महिला सम्मान से जुड़े इस मुद्दे को लेकर उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठती रही। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
Read Also:बृजभूषण शरण सिंह यौन उत्पीड़न मामले में बरी, राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला, जानिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि इससे पहले तमिलनाडु बीजेपी ने उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी की मांग की थी। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने उनके बयान को "अश्लील, भद्दा और शर्मनाक" बताते हुए कहा- कि ऐसी भाषा किसी भी सार्वजनिक प्रतिनिधि को शोभा नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले पर एम.के. स्टालिन की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है। इस घटिया भाषण के लिए उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार करने और जेल भेजने से तमिलनाडु का सम्मान बढ़ेगा।
Read Also:नमो भारत से सफर करने से पहले पढ़ लें ये खबर, 17 स्टेशनों की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था रहेगी बंद
