PM Modi In Gujarat: शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सूरत में विपक्ष को आड़े हाथ लिया और आत्मनिर्भरता की ओर जोर दिया। एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, आज देश में कुछ निराशावादी लोग हैं जो लगातार 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान का मज़ाक उड़ाते हैं। वे देश के इस संकल्प को हमेशा कमतर आंकते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने भारत को हमेशा दूसरे देशों पर निर्भर बनाए रखा। वे भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर देश कभी भी विकास की उन ऊंचाइयों को हासिल नहीं कर सकता, जिनका वह असल में हकदार है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर राजनीतिक फ़ायदे के लिए देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पिछले 12 सालों से कांग्रेस अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर मौके तलाश रही है, लेकिन देश की जनता ने उसे बार-बार करारा जवाब दिया है। गुजरात की जनता ने कांग्रेस को हाशिए पर धकेल दिया है, लेकिन जिन जगहों पर कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां भी जनता पार्टी के कुशासन से तंग आ चुकी है।
अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस को हाल ही में मिली चुनावी हार का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, अभी हाल ही में हिमाचल में भी स्थानीय निकाय चुनाव हुए। वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। हिमाचल की जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया। इससे पहले, कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव हार गई थी, और पंजाब की जनता ने भी पार्टी को साफ़ संदेश दिया है। अराजकता के बीच मौके तलाशने की कांग्रेस की राजनीति काम नहीं आएगी।
Read Also: Health: रोजाना सुबह खाली पेट खाएं कच्चा पपीता, चमत्कारिक फायदे कर देंगे हैरान
जनता में कांग्रेस सरकार से नाराजगी- पीएम मोदी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की राजनीतिक हालात का उल्लेख किया और कहा कि कर्नाटक के लोगों में कांग्रेस सरकार को लेकर बहुत नाराज़गी है, और इसीलिए पार्टी को वहां अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। भारत नकारात्मकता से बहुत आगे निकल चुका है। यह देश आशावाद से भरा है और यहां के लोगों में बड़ी-बड़ी उम्मीदें और हौंसले हैं। यहां के नागरिक सपनों और संकल्पों से भरे हुए हैं। भारत का हर नागरिक विकास के साथ-साथ सकारात्मकता के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। हर नागरिक विकास की इस रफ्तार को देख रहा है। कांग्रेस की सरकार जिन-जिन जगहों पर बची है वहां पर जनता में भारी नाराजगी है।
