Vaibhav Suryavanshi Debut: दुनियाभर में सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का भगवान कहा जाता है। सचिन से पहले और अब भी एक से बढ़कर एक प्रतिभा वाले क्रिकेटर आ रहे हैं, लेकिन जो दर्जा क्रिकेट जगत में सचिन को प्राप्त है, वो आजतक किसी के पास नहीं है। सचिन की दुनियाभर में अपनी लोकप्रियता है। साल 1989 में सचिन ने अपना इंटरनेशनल पदार्पण किया था और इसके बाद उन्होंने साल 2013 में अपना आखिरी मुकाबला खेला।
सचिन तेंदुलकर के बाद एक और क्रिकेटर कम उम्र में डेब्यू करके चर्चा में आए पृथ्वी शॉ। लेकिन, वह ज्यादा दिन तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाए। अब नंबर आता है वैभव सूर्यवंशी का, जो जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट के मैदान पर उतरने जा रहे हैं। आईपीएल में सनसनी मचाने के बाद वैभव इंटरनेशनल टी-20 में अपना डेब्यू कर सकता है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि तीनों युवा बल्लेबाजों ने किस उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया।
अगर बात सचिन तेंदुलकर की करें तो उन्होंने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। तब सचिन की उम्र महज 16 साल और 205 दिन थी। हालांकि, शुरुआती कुछ पारियों में उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन जब चला तो फिर उसने रुकने का नाम नहीं लिया। जब तक उन्होंने क्रिकेट को अलविदा नहीं कह दिया। सचिन को इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़े हुए करीब 13 साल हो गए हैं, लेकिन ना जाने कितने ही कीर्तिमान ऐसे हैं, जो अभी तक दूसरा कोई खिलाड़ी तोड़ नहीं पाया है। आज भी बहुत से ऐसे रिकॉर्ड हैं, जो तोड़ पाना किसी के लिए बहुत मुश्किल लगते हैं।
2016 में रचेगा इतिहास
सचिन के बाद बात पृथ्वी शॉ की आती है, उन्होंने साल 2018 में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था, तब उनकी उम्र 18 साल और 329 दिन की थी। लेकिन शॉ अपने इंटरनेशनल करियर में 5 टेस्ट, 6 वनडे और केवल एक टी20 इंटरनेशनल मैच ही खेल पाए। साल 2018 में डेब्यू करने वाले शॉ ने अपना आखिरी मैच साल 2021 में खेला था। इसके बाद वह नीली जर्सी में कभी भारत के लिए खेलते हुए दिखाई नहीं दिए। सबसे कम उम्र में भारत के लिए जलवा बिखेरने वाले वह आखिरी खिलाड़ी थे, लेकिन अब साल 2026 एक बार फिर से इतिहास लिखने जा रहा है।
गौरतलब है कि, वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड में शामिल हैं। सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून दिन शुक्रवार और दूसरा मुकाबला 28 जून रविवार को खेला जाएगा। हालांकि, अभी ये कहना मुश्किल है कि वे इस मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर पाएंगे कि नहीं। 26 जून 2026 को 15 साल और 91 दिन के होंगे। अगर वे इसी दिन अपना इंटरनेशनल डेब्यू करते हैं तो फिर एक नया इतिहास लिखा जाएगा। मायने ये रखता है कि खिलाड़ी ने किस तरह का खेल दिखाया और कितने दिन तक क्रिकेट खेला। क्या वैभव सूर्यवंशी सचिन तेंदुलकर की तरह नए नए कीर्तिमान रचेंगे या फिर शॉ की तरह गुमनामी के अंधेरे में खो जाएंगे ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल, सभी की निगाहें वैभव के डेब्यू पर टिकी है, क्योंकि कमजोर आंकी जाने वाली आयरलैंड टीम के खिलाफ वैभव का डेब्यू संभव दिख रहा है।
Read Also: Ind vs Ire: कब और कितने बजे खेला जाएगा भारत बनाम आयरलैंड मुकाबला, यहां पढ़िए पूरी जानकारी
