CM Yogi on Congress SP: अयोध्या के श्रीराम रामलला मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने वाले पुराने विवाद को उठाते हुए आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस ने हमेशा से आस्था से खिलवाड़ किया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई सरकार दिल्ली की जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकता है। आज तक जिन लोगों ने अयोध्या में विकास को रोके रखा, वही आज दिखावा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने देश से अयोध्या को लेकर जो दावा किया था वह पूरा कर रही है। डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या में आमूलचल परिवर्तन किया, जो 500 वर्षों से संभव नहीं हो पाया। सपा और कांग्रेस की सरकारें अयोध्या को लेकर उपेक्षा करती थी और हमारी आस्था के साथ जानबूझकर खिलवाड़ किया जाता था। बीजेपी ने हमेशा आस्था का ध्यान रखा है। हमारी आस्था की मजाक उड़ाने वालों को अब अयोध्या की चिंता सता रही है।
हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ाने का पाप सपा और कांग्रेस ने किया था, जिसे प्रदेश की जनता ने कभी स्वीकार नहीं किया। राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर हाल के विवादों का बिना नाम लिए जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग आस्था के मुद्दों पर केवल राजनीति करते हैं, जबकि बीजेपी सरकार ने अयोध्या के विकास और उसकी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का काम किया है। जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज रामभक्ति का दिखावा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या विकास से वंचित रही। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों ने न तो यहां के धार्मिक महत्व का सम्मान किया और न ही बुनियादी विकास पर ध्यान दिया। पहले सरयू नदी प्रदूषित रहती थी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और अयोध्या की पहचान उपेक्षा से जुड़ी हुई थी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने इसकी तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
आज अयोध्या महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से देश-दुनिया से जुड़ चुकी है। आधुनिक सड़कें, बेहतर रेलवे संपर्क, घाटों का सौंदर्यीकरण और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा अयोध्या को नई पहचान दे रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एयरपोर्ट निर्माण का भी विरोध करती थी और लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती थी, लेकिन आज वही एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों को अयोध्या से जोड़ रहा है। अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो तो विकास अपने आप होता है। जब प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान का आशीर्वाद मिलता है तो कार्यों में कोई बाधा नहीं आती।
