Karnataka: कर्नाटक में ‘शिव सरकार’ की ताजपोशी तय, सिद्धारमैया कल देंगे इस्तीफा, 30 मई को होगा शपथ समारोह

karnataka_DSk1-1vzi.jpg

Karnataka Politics: कर्नाटक की राजनीति इस समय देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। कल गुरुवार को उन्होंने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार 30 मई को डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

इस पूरे घटनाक्रम से पहले मंगलवार को दिल्ली में आलाकमान के साथ कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसमें सिद्धारमैया से इस्तीफा मांगा गया और दिल्ली में राष्ट्रीय भूमिका निभाने को कहा गया। बताया यह भी जा रहा है कि बैठक के दौरान सिद्धारमैया से राहुल गांधी ने उनकी कोई राय नहीं पूछी।

नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी के साथ-साथ कांग्रेस की ओर से तीन डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग से बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा जो लोग संभावित उपमुख्यमंत्रियों की दौड़ में शामिल हैं, उनमें दलित कोटा से परमेश्वर/प्रियांक खरगे, अन्य पिछड़ा वर्ग से यतीन्द्र और लिंगायत से एमबी पाटिल/ईश्वर खंड्रे और अल्पसंख्यक से केजे जॉर्ज/यूटी खादर/ज़मीर का नाम शामिल है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया से सोच विचार के लिए समय दिया है और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से बताने के लिए कहा है। सिद्धारमैया राज्यसभा जाने के लिए तैयार नहीं है। वह गुरुवार 28 मई को अपने पद से इस्तीफा देंगे। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में बैठक हुई थी। बैठक में राहुल गांधी, खरगे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार शामिल हुए थे।

आलाकमान का फैसला मान्य- सिंचाई मंत्री

मीडिया से बातचीत के दौरान कर्नाटक के लघु सिंचाई मंत्री  एन. एस. बोसराजू ने कहा कि, जो भी होगा जैसा भी होगा हाईकमान तय करेगा। डीके शिवकुमार सीएम बनेंगे या कैबिनेट में फेरबदल होगा, सबकुछ वहीं से तय होगा। मैं आलाकमान के फैसले को सार्वजनिक नहीं करूंगा। आलाकमान ने प्रदेश के विकास और भविष्य को लेकर मंथन किया है। हम आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीति बना रहे हैं।

Read Also: Cricket: अब सितंबर-अक्टूबर में भी होगा आईपीएल, 74 की जगह 94 होंगे मुकाबले, यह रही पूरी जानकारी